चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली: नेपाल में भीषण बाढ़ और भारी तबाही के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं ग्लोबल भारत ब्रांड एंबेसडर डॉ. विजय जौली ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए नेपाल सरकार और नेपाली जनता के प्रति अपनी संवेदनाएं एवं पूर्ण एकजुटता प्रकट की है।
नेपाल सरकार और नेपाली जनता के नाम संदेश में डॉ. जौली ने कहा कि इस कठिन समय में उनकी हार्दिक संवेदनाएं और प्रार्थनाएं नेपाल के प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ हैं। उन्होंने कहा कि नेपाली जनता की पीड़ा ने उन्हें अत्यंत व्यथित किया है।
डॉ. जौली ने भारत-नेपाल संबंधों को रेखांकित करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते केवल भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सदियों पुराने इतिहास, संस्कृति, आस्था, मित्रता और पारिवारिक संबंधों के अटूट बंधन से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा, “दुख और संकट की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं हर प्रभावित परिवार के साथ हैं। मैं नेपाल की जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ा हूं तथा सभी प्रभावित लोगों के लिए शक्ति, साहस, सुरक्षा और शीघ्र सामान्य जीवन की कामना करता हूं।”
भारत की ओर से समर्थन व्यक्त करते हुए डॉ. जौली ने कहा, “नेपाल अकेला नहीं है। भारत के लोग अपने नेपाली भाइयों और बहनों के साथ मजबूती से खड़े हैं।”
उन्होंने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित सभी परिवारों के लिए शक्ति, साहस, शांति, सुरक्षा, आशा तथा शीघ्र राहत और पुनर्वास की प्रार्थना की।
डॉ. जौली का यह संदेश ऐसे समय आया है जब नेपाल विनाशकारी बाढ़ और भूस्खलन के बाद राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों में जुटा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर भारत ने सबसे पहले राहत सामग्री भेजकर पड़ोसी होने का दायित्व निभाया है।
उन्होंने अपने संदेश का समापन “जय मोदी, जय नेपाल—जय भारत” के साथ किया।
