चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

सिविक सेंटर में जुटेंगे दिल्ली के बुद्धिजीवी, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी रखेंगी विचार
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित सिविक सेंटर में भव्य ‘संविधान गौरव दिवस समारोह’ आयोजित करेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता होंगे, जबकि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी समारोह को संबोधित करेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा करेंगे।
दिल्ली भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में समारोह की जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करना और संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। समारोह में दिल्ली के सभी सांसदों के अलावा बड़ी संख्या में सीए, अधिवक्ता, डॉक्टर, प्रोफेसर, शिक्षक, छात्र और बुद्धिजीवी शामिल होंगे।
‘संविधान 140 करोड़ भारतीयों की आस्था और आकांक्षाओं का दस्तावेज’
मल्होत्रा ने कहा, “संविधान केवल एक पुस्तक नहीं है, यह 140 करोड़ भारतीयों की आस्था और आकांक्षाओं का दस्तावेज है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 की समाप्ति, तीन तलाक का अंत और समान नागरिक संहिता की दिशा में उठाए गए कदमों के जरिए संविधान के आदर्शों को व्यवहार में उतारने का प्रयास किया है।
कांग्रेस पर आंबेडकर और संविधान के अपमान का आरोप
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कांग्रेस पर डॉ. आंबेडकर का राजनीतिक रूप से अपमान करने और संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने 1952 और 1954 के चुनावों में आंबेडकर को हराने के लिए सत्ता का दुरुपयोग किया। उन्होंने 1975 के आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया गया, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई और बड़ी संख्या में लोगों को जेल में बंद किया गया।
मल्होत्रा ने शाहबानो मामले का भी उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर संवैधानिक मूल्यों के विपरीत फैसले लेने का आरोप लगाया। उन्होंने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा।
आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने का संकल्प
मल्होत्रा ने बताया कि दिल्ली भाजपा ‘संविधान गौरव अभियान’ के तहत लोगों को संविधान के प्रति जागरूक कर रही है। अभियान का लक्ष्य डॉ. आंबेडकर के सपनों का ऐसा भारत बनाना है, जहां सामाजिक समरसता, समानता और प्रत्येक नागरिक को न्याय मिले।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समारोह में दिल्ली सरकार की ओर से संविधान के अनुरूप किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी भी साझा करेंगी।
दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने राजधानी के लोगों से बड़ी संख्या में समारोह में शामिल होने और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करने की अपील की।