चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
नई दिल्ली: करोलबाग जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र बब्बर के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अभिषेक पोसवाल से मुलाकात कर दिल्ली कैंट में एक फूल विक्रेता महिला और उसके परिजनों के साथ कथित मारपीट के मामले में दर्ज एफआईआर के आधार पर सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि दिल्ली कैंट के विधायक वीरेन्द्र कादयान, उनके पुत्र तथा सहयोगियों ने कथित रूप से बिना भुगतान किए फूल लिए और पैसे मांगने पर महिला एवं उसके परिजनों के साथ मारपीट की। भाजपा ने कहा कि मामले में दर्ज एफआईआर के अनुसार दोषियों के विरुद्ध शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक सुरेंद्र कमांडो, जिला महामंत्री दिनेश कुमार तथा वीणा शर्मा भी शामिल रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र बब्बर ने अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त से मुलाकात के बाद कहा कि उन्होंने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि पीड़ित महिला को न्याय मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद करेगी।
