चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

दिल्ली में 1,400 से अधिक छठ घाटों पर आयोजन, संगम विहार में संध्या अर्घ्य के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की आस्था
नई दिल्ली। संगम विहार विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंदन कुमार चौधरी ने छठ महापर्व के पावन अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उन्हें लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। संध्या अर्घ्य के अवसर पर घाटों पर छठी मैया की आराधना और अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए श्रद्धालुओं की भारी आस्था देखने को मिली।
विधायक चंदन कुमार चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार की ओर से इस वर्ष पूरी दिल्ली में 1,400 से अधिक छठ घाटों पर महापर्व के आयोजन की व्यवस्था की गई है। वहीं, संगम विहार विधानसभा क्षेत्र में भी 60 से अधिक छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
उन्होंने पूर्वांचल समाज की आस्था, संस्कृति और परंपराओं के सम्मान के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही छठ महापर्व के सफल एवं भव्य आयोजन में योगदान देने वाले सभी आयोजकों, छठ पूजा समितियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री प्रभास चंद्र, मंडल अध्यक्ष प्रेम चौहान, अभिषेक तिवारी सहित भाजपा के कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक ने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
