
-श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर व्यवस्थित ढंग से गद्दी लगाने का निर्देश
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
अयोध्या तीर्थपुरोहित समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी से उनकी आवाज तीन कलश तिवारी मंदिर में मुलाकात कर तीर्थपुरोहितों की समस्याओं से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने घाटों पर कार्य करने वाले तीर्थपुरोहितों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी पहचान सुनिश्चित करने की मांग रखी।
महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि नगर निगम की ओर से तीर्थपुरोहितों का विधिवत पंजीकरण कराया जाएगा तथा उन्हें पहचानपत्र जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि घाटों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी और तीर्थपुरोहितों के बैठने के लिए छाजन के रूप में छतरियों की व्यवस्था भी कराई जाएगी, ताकि उन्हें धूप और बारिश से राहत मिल सके।
महापौर ने तीर्थपुरोहितों से अपेक्षा की कि वे श्रद्धालुओं की सुविधा और घाटों की सुव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अपनी गद्दी (तख्त) निर्धारित स्थानों पर व्यवस्थित ढंग से लगाने का निर्देश दिया उन्होंने कहा कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम और तीर्थपुरोहित समाज को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।
बैठक के दौरान नगर निगम के जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद भी उपस्थित रहे। महापौर से मिलने वाले तीर्थपुरोहितों में नंदकुमार मिश्र उर्फ बर्फी महाराज, दुर्गा प्रसाद पांडे, राजेश पांडे, बल्लभपीठ पांडे, राजू पांडे, लल्लू पांडे, जोगेंद्र प्रसाद, दयासिंधु पांडेय, बुच्चन महाराज, रामनाथ पांडे, राजकुमार पांडे सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे।

