चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के नवनियुक्त सदस्य सरदार कुलदीप सिंह ने मंगलवार को आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों, समर्थकों और शुभचिंतकों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार संभालने के बाद सरदार कुलदीप सिंह ने कहा कि आयोग में मिली जिम्मेदारी उनके लिए जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को गंभीरता से उठाया जाएगा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उत्थान को उनकी प्राथमिकताओं में रखा जाएगा। साथ ही सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और आपसी विश्वास को मजबूत बनाने की दिशा में भी आयोग सक्रिय भूमिका निभाएगा।
सरदार कुलदीप सिंह ने इस दायित्व के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व तथा वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य व्यक्तियों ने विश्वास व्यक्त किया कि सरदार कुलदीप सिंह का सामाजिक अनुभव और जनसंपर्क अल्पसंख्यक आयोग के कार्यों को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।


