रिश्तों की पहचान कभी चेहरे और नाम से नहीं होती,
अपनों की असली परख मीठी जुबान से नहीं होती।
जो मुश्किलों में थाम ले हाथ, सच्चा हमसफ़र होता है,
रिश्ता वही अनमोल है,जो हर हाल में असरदार होता है।
रक्त के रिश्ते तो दुनिया में हजारों मिल जाते हैं,
मगर दर्द बाँटने वाले दिल के रिश्ते कम ही बन पाते हैं।
आँधियों में भी बनकर हौसले की दीवार खड़ा रहता है,
वही इंसान रिश्तों की दुनिया में खास बना रहता है।
खुशियों में हर कोई अपना होने का एहसास कराता है,
बुरा वक्त ही अपनों और परायों का अंतर बताता है।
जो आँसू देखकर बिना कहे दर्द समझ जाता है,
वही सच्चा रिश्ता है,जो खामोशी में भी साथ निभाता है।
न दौलत से रिश्ते बनते हैं,न ऊँचे मुकाम से बनते हैं,
कुछ रिश्ते तो दिल की सच्चाई और एहतराम से बनते हैं।
जो गिरते हुए इंसान को फिर उठने का विश्वास देता है,
वही रिश्ता जीवन में जीने का नया एहसास देता है।
रिश्तों की दौलत का कोई बाजार में मोल नहीं होता,
सच्चे अपनत्व का कभी शब्दों में बखान नहीं होता।
किशन जो मुसीबत में हाथ थामकर साथ निभाता है,
वही रक्त से नहीं,अपने कर्मों से परिवार कहलाता है।
