चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
बालेन्द्र शाह की पहली भारत यात्रा को डॉ. विजय जौली ने बताया ऐतिहासिक, अयोध्या-जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा का स्वागत
नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की 22-23 नवंबर तक की पहली आधिकारिक भारत यात्रा को वरिष्ठ भारतीय नेता एवं दिल्ली स्टडी ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. विजय जौली ने ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नेपाल के विकास के लिए घोषित 15 हजार करोड़ रुपये का भारतीय पैकेज और दोनों देशों के बीच हुए आठ समझौते भारत-नेपाल संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेंगे।

डॉ. जौली ने कहा कि नेपाल के रासुवा-भोटेकोशी क्षेत्रों में विनाशकारी बाढ़ के दौरान भारत की ओर से दी गई मानवीय सहायता के लिए प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने आभार व्यक्त किया। यह भारत की पड़ोसी देशों के प्रति सहयोग और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि नेपाल के लिए घोषित 15 हजार करोड़ रुपये (नेपाली मुद्रा में 24 हजार करोड़ रुपये) के पैकेज में आपदा पुनर्निर्माण एवं विकास के लिए 3,500 करोड़ रुपये का अनुदान तथा ऊर्जा क्षेत्र के विकास के लिए 11,500 करोड़ रुपये की मूल्यवर्गित ऋण सुविधा शामिल है।
आठ क्षेत्रों में सहयोग को मिलेगी गति
डॉ. जौली ने भारत और नेपाल के बीच सुरक्षा, फॉरेंसिक विज्ञान, सुशासन, आयुर्वेद, उपग्रह संचार, स्वास्थ्य, शहरी विकास, पशुधन एवं मत्स्य पालन सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए आठ समझौतों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इन समझौतों से संस्थागत सहयोग, तकनीकी विकास और रोजगार सृजन के नए अवसर खुलेंगे।
अयोध्या-जनकपुर रेल संपर्क से बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन
उन्होंने नेपाल के चितवन में कृषि-औद्योगिक पार्क की स्थापना, सीमा पार संपर्क और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी पहलों का भी स्वागत किया। अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को उन्होंने धार्मिक पर्यटन एवं भारत-नेपाल के सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
‘रोटी-बेटी के संबंध’ दोनों देशों की साझा विरासत
डॉ. जौली ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत, सांस्कृतिक एवं जन-संबंध हैं। पारंपरिक ‘रोटी-बेटी के संबंध’ और खुली सीमाएं दोनों देशों की मैत्री की मजबूत आधारशिला हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में भारत-नेपाल संबंध सहयोग, विकास, आपसी विश्वास, सद्भावना और स्थायी मैत्री के नए अध्याय लिखेंगे।