अपने हाथों से किए पुण्य का,कभी प्रदर्शन न कीजिए,
नेकी के हर छोटे कर्म को,प्रभु के चरणों में अर्पण कीजिए
पुण्य का बखान जब जुबां पर,अभिमान बनकर आता है,
निस्वार्थ भाव से किया कर्म ही,सच्चा पुण्य कहलाता है।
दूसरों के पापों की चर्चा से,अपने शब्द न सजाइए,
किसी की भूलों को उछालकर,अपना चरित्र न गिराइए।
परदोषों का विष जब मन में,धीरे-धीरे घुल जाता है,
दूसरों को दोषी कहते-कहते,अपना मन मैला हो जाता है
नेकी करके भूल जाना ही,इंसान की पहचान बने,
दया,धर्म और सेवा से ही,जीवन का सम्मान बने।
न पुण्य का कोई शोर मचे,न परनिंदा का व्यापार हो,
खामोशी में कर्म की खुशबू हो,हृदय में निर्मल विचार हो।
जो अपने कर्मों का बखान करे,वह अहंकार बढ़ाता है,
जो पराई बुराइयाँ गिनता है,वह मन को भरमाता है।
श्रेष्ठ वही जो दूसरों की,कमियों पर पर्दा डाल सके,
अपने सद्कर्मों को छिपाकर,मानवता का मान रख सके।
न पुण्य का अभिमान रहे,न पापों का प्रचार रहे,
हर धड़कन में प्रेम बहे,हर शब्द में सद्विचार रहे।
किशन कर्मों की गवाही देने,अपनी अंतरात्मा काफी है,
मौन में छिपी हुई विनम्रता ही,जीवन की सच्ची माफी है।
