चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने महिला यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए डीटीसी और दिल्ली परिवहन विभाग की बसों में मुफ्त यात्रा के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (NCMC) की अनिवार्य समय-सीमा बढ़ाकर 16 अगस्त 2026 कर दी है। इसके तहत 15 अगस्त 2026 तक महिलाओं को पहले की तरह पिंक टिकट के माध्यम से निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलती रहेगी, जबकि 16 अगस्त से मुफ्त यात्रा का लाभ केवल वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (NCMC) धारक महिला यात्रियों को ही मिलेगा।
परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह निर्णय इसलिए लिया गया है ताकि स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था में बदलाव के दौरान किसी भी पात्र महिला यात्री को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी महिला यात्रियों से निर्धारित समय-सीमा से पहले अपना NCMC कार्ड बनवाने की अपील की, जिससे वे बिना किसी रुकावट के मुफ्त यात्रा सुविधा का लाभ ले सकें।

सरकार ने सभी डिपो प्रबंधकों, क्षेत्रीय प्रबंधकों और बस कंडक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे जन-जागरूकता अभियान को तेज करें तथा महिला यात्रियों को कार्ड बनवाने में हरसंभव सहायता प्रदान करें। साथ ही बसों, डिपो, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से बदली हुई समय-सीमा की व्यापक जानकारी देने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
31 जुलाई 2026 तक 17 लाख 4 हजार 42 से अधिक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जो इस योजना के प्रति महिला यात्रियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। दिल्ली सरकार ने स्पष्ट किया है कि समय-सीमा बढ़ाने का उद्देश्य केवल यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र महिला को पर्याप्त समय मिले और वह नई व्यवस्था में बिना किसी परेशानी के मुफ्त बस यात्रा का लाभ जारी रख सके।