शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत होगा शिक्षा व सड़क का ढांचा
फूलियाकलां ( के एम कुरेशी) जिले के फूलिया कलां शाहपुरा-बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र के फूलियाकलां उपखंड में शिक्षा और सड़क के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) भीलवाड़ा की गवर्निंग काउंसिल की 14वीं बैठक में क्षेत्र के पांच राजकीय विद्यालयों के नवीन भवन निर्माण के लिए कुल 3 करोड़ 39 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। वहीं उपखंड क्षेत्र की नॉन-पैचेबल सड़कों के चार कार्यों के लिए 2 करोड़ 40 लाख रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिली है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के साथ आवागमन की सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
DMFT से स्वीकृत कार्यों में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नई राज्यास के नवीन भवन के लिए 1 करोड़ रुपए, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय माताजी का खेड़ा, रलायता के भवन के लिए 1 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत धनोप के राजकीय प्राथमिक विद्यालय भीलों का झोपड़ा तथा जोरा का खेड़ा के भवन निर्माण के लिए 46.33-46.33 लाख रुपए और ग्राम पंचायत नई राज्यास के राजकीय प्राथमिक विद्यालय रेबारी खेड़ा, आमली कालूसिंह के भवन निर्माण के लिए 46.33 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।
भाजपा फूलियाकलां मंडल अध्यक्ष अभिषेक कलाल ने बताया कि विद्यालय भवनों की आवश्यकता को लेकर उनके आग्रह पर शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने प्रभावी प्रयास किए। उन्होंने कहा कि नए भवन बनने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
इधर, नॉन-पैचेबल सड़कों के चार कार्यों में बड़ला से हरिधाम 1.70 किमी के लिए 32.30 लाख, तस्वारिया बांसा से हरिधाम 4.80 किमी के लिए 91.20 लाख, कनेछनकलां से कनेछनखुर्द 4 किमी के लिए 76 लाख तथा ए.आर. खेड़ा हेतम 2.10 किमी के लिए 39.90 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। कुल 12.06 किमी सड़क मार्गों का विकास होगा। विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने स्वीकृतियों के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री दिया कुमारी का आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, सड़क और आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।