चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
हर्ष मल्होत्रा ने किया जागरूकता वॉक का उद्घाटन, बोले—सही सहयोग और समान अवसरों से नई ऊंचाइयां छू सकते हैं डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चे
नई दिल्ली। डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समावेशी शिक्षा का संदेश देने के लिए रविवार को नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर सोच फाउंडेशन की ओर से ‘डिस्लेक्सिया अवेयरनेस वॉक’ का आयोजन किया गया। पूर्व सांसद तरुण विजय के मार्गदर्शन में आयोजित इस वॉक का उद्घाटन दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने किया।
कार्यक्रम में युवाओं, अभिभावकों, शिक्षकों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लाल टी-शर्ट और टोपी पहने प्रतिभागियों ने ‘Walk for Dyslexia’, ‘#Act4Dyslexia’ और ‘Brilliantly Dyslexic’ जैसे संदेशों वाली तख्तियां और बैनर लेकर जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान डिस्लेक्सिया को बुद्धिमत्ता की कमी नहीं, बल्कि सीखने के एक अलग तरीके के रूप में समझने पर जोर दिया गया।
डिस्लेक्सिया कोई रोग नहीं : हर्ष मल्होत्रा
वॉक का उद्घाटन करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डिस्लेक्सिया कोई रोग नहीं है, बल्कि सीखने की एक अलग प्रक्रिया है। इसके कारणों को समझना और समय रहते इसकी पहचान करना बेहद जरूरी है। उन्होंने समाज में डिस्लेक्सिया को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के साथ सही मार्गदर्शन, जागरूकता और समय पर सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया।
मल्होत्रा ने कहा कि उचित सहयोग और समान अवसर मिलने पर डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। जरूरत है कि उनकी क्षमताओं को समझा जाए और उन्हें आगे बढ़ने के लिए अनुकूल माहौल दिया जाए।
समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देना लक्ष्य
पूर्व सांसद तरुण विजय ने कहा कि सोच फाउंडेशन का उद्देश्य डिस्लेक्सिया के बारे में जागरूकता बढ़ाना और समावेशी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने इस दिशा में समाज की भागीदारी और बच्चों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने ‘समझें, स्वीकारें, साथ दें’ का संकल्प लिया। कर्तव्य पथ पर आयोजित इस जागरूकता वॉक के माध्यम से डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चों को समझने, स्वीकार करने और समान अवसर उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।



