पाइपलाइन डालने के बाद नहीं कराई सड़क की मरम्मत, जगह-जगह बनी खाइयों से वाहन चालक और स्कूली बच्चे परेशान
जहाजपुर (मोहम्मद आज़ाद नेब) उपखंड मुख्यालय के विभिन्न गली-मोहल्लों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य कर रहे जलदाय विभाग के ठेकेदार की लापरवाही आमजन के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। पाइपलाइन डालने के लिए कई स्थानों पर सड़कें खोदने के बाद उन्हें दोबारा दुरुस्त नहीं कराया गया, जिससे बरसात के मौसम में सड़कें कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो गई हैं।
नगर के बुर्ज बाबा, बस स्टैंड, कीर मोहल्ला, कालू बाबा मंदिर सहित कई क्षेत्रों में पाइपलाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं होने से छोटे-छोटे गड्ढे अब गहरी खाइयों का रूप ले चुके हैं। बारिश के दौरान इनमें पानी भर जाने से गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके चलते दोपहिया वाहन चालक, स्कूटी सवार और पैदल राहगीर आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं। स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार की ओर से कार्य पूरा होने के बाद सड़क को पूर्व स्थिति में लाने की जिम्मेदारी निभाई नहीं जा रही है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारी भी इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहे हैं।
नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जिन स्थानों पर पाइपलाइन कार्य पूरा हो चुका है, वहां तत्काल सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि बरसात के दौरान आमजन को राहत मिल सके।
