चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने झंडेवालान स्थित सिद्ध पीठ देव स्थान मंदिर श्री हर श्री नाथ जी तथा नारायणा स्थित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान में आयोजित गुरु पूजन समारोह में भाग लेकर संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्वामी अदित्यनाथ जी एवं स्वामी नरेन्द्र नाथ जी ने उन्हें विशेष आशीर्वाद प्रदान किया।
कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव बब्बर, विधायक उमंग बजाज सहित अनेक गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। हर्ष मल्होत्रा ने गुरु पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु पूजन भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है, जो समाज में सद्गुणों, संस्कारों और नैतिक मूल्यों का संवर्धन करती है।

उन्होंने कहा कि गुरु ज्ञान का वह प्रकाश हैं, जो जीवन को अंधकार से निकालकर उजाले की ओर ले जाते हैं। संत, शिक्षक, माता-पिता और राष्ट्रभक्त सभी हमारे जीवन के गुरु हैं, जिनके मार्गदर्शन से समाज और राष्ट्र का निर्माण होता है।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत’ का संकल्प गुरुजनों के आशीर्वाद और प्रेरणा से ही साकार होगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने गुरुओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने अपने संदेश का समापन प्रसिद्ध श्लोक “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः” का स्मरण करते हुए गुरु परंपरा के महत्व को रेखांकित किया।
