
युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों से जोड़ें : कमल चौहान टेढ़ेवाल
नूरपुरबेदी, 2 अगस्त (अजय पुरी)
अखिल भारतीय गुर्जर महासभा पंजाब के अध्यक्ष कमल चौहान टेढ़ेवाल ने युवाओं को नशे की बुराई से दूर रखने और खेलों के प्रति उनका रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से हल्का रूपनगर के गांव बूंगड़ी का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय खिलाड़ियों को जर्सियां, बैट, गेंदें तथा अन्य आवश्यक खेल सामग्री वितरित की। बूंगड़ी गांव में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
बूंगड़ी गांव में उपस्थित युवाओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कमल चौहान ने चिंता जताई कि पंजाब की युवा पीढ़ी तेजी से नशे की चपेट में आ रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि पंजाब और पंजाबियत को सुरक्षित रखना है, तो युवाओं को खेलो और शिक्षा जैसी रचनात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ना बेहद आवश्यक है। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का भी संचार करते हैं। इसके बाद खेल सामग्री बांटते हुए उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन सही सुविधाओं और संसाधनों के अभाव में कई होनहार युवा पीछे छूट जाते हैं। उसकी इस पहल का मुख्य लश्य यही हैं कि किसी भी प्रतिभावान खिलाड़ी को साधनों की कमी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अभिभाभिकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को मोबाइल और नकारात्मक आदतों से दूर रखकर खेल के मैदान से जोड़ें। कमल चौहान ने आश्वासन दिया कि युवाओं के उज्जवल भविष्य और सहायता के लिए उनके यह प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। ग्रामीणों और खिलाड़ियों ने इस सराहनीय पहल के लिए कमल चौहान का विशेष सम्मान किया।