चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कनॉट प्लेस स्थित दिगंबर जैन मंदिर परिसर में आयोजित विशेष योग सत्र में भाग लेकर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कनॉट प्लेस स्थित दिगंबर जैन मंदिर, भगवान भरत स्थली विशाल प्रतिमा परिसर में पूज्य आचार्य श्री 108 विमर्श सागर जी महाराज, पूज्य आचार्य श्री 108 प्रज्ञा सागर जी महाराज एवं उनके संघ के सान्निध्य में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने भी सहभागिता कर योग के महत्व पर अपने विचार रखे।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन को शांत, विचारों को निर्मल और जीवन को संतुलित बनाने का प्रभावी मार्ग है। उन्होंने कहा कि भारत ने योग के माध्यम से पूरी दुनिया को स्वास्थ्य और आत्मिक उन्नति का संदेश दिया है तथा प्रत्येक नागरिक को योग को एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखकर अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संतों और आचार्यों के सान्निध्य में योग का अभ्यास आत्मिक ऊर्जा प्रदान करता है और समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करता है। मंत्री ने सभी नागरिकों से स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन के लिए नियमित रूप से योग अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं एवं योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के माध्यम से स्वस्थ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।