चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

‘मेरी यमुना, स्वच्छ यमुना’ के संदेश के साथ जनभागीदारी से नदी संरक्षण पर जोर
नई दिल्ली। माँ यमुना की स्वच्छता, संरक्षण एवं निर्मलता के संकल्प के साथ चिल्ला घाट-2 पर आयोजित स्वच्छता अभियान में भाजपा विधायक चंदन कुमार चौधरी ने सहभागिता की। ‘चलो यमुना अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में यमुना को स्वच्छ बनाने और उसके संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर भाजपा दिल्ली प्रदेश के संगठन महामंत्री श्री पवन राणा, दक्षिणी दिल्ली के सांसद श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, जिला अध्यक्ष श्रीमती माया सिंह बिष्ट तथा जिला महामंत्री श्री प्रभाष चंद्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम को सेवा, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी पहल के रूप में प्रस्तुत किया गया।
विधायक चंदन कुमार चौधरी ने माँ यमुना को भारतीय आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार बताते हुए उनकी स्वच्छता को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से यमुना के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छता के प्रयासों को निरंतर जारी रखने का संकल्प मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे यमुना को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के लिए अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। अभियान का संदेश स्पष्ट रहा कि नदी की स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था का दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘मेरी यमुना, स्वच्छ यमुना’ के संकल्प के साथ अभियान ने यमुना संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास करने और जनसहभागिता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।


