नई दिल्ली: संगम विहार विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक चंदन कुमार चौधरी ने तुगलकाबाद एक्सटेंशन स्थित सी.एम. श्री स्कूल में विद्या वाहिनी योजना के अंतर्गत आयोजित साइकिल वितरण समारोह में सहभागिता की।
इस अवसर पर विधायक चंदन कुमार चौधरी ने कहा कि विद्या वाहिनी योजना केवल साइकिल वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि गरीब और मेधावी छात्राओं के लिए शिक्षा की राह आसान बनाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके भविष्य को उज्ज्वल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन का संकल्प है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले और कोई भी प्रतिभा साधनों के अभाव में आगे बढ़ने से न रुके। उन्होंने कहा कि विद्या वाहिनी जैसी योजनाएं इसी संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही हैं।
समारोह में सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, जिला अध्यक्षा माया बिष्ट, जिला महामंत्री प्रभास चंद्र, मंडल अध्यक्ष प्रेमपाल चौहान, सी.एम. श्री स्कूल की प्रधानाचार्या स्मिता प्रसाद सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
विधायक चंदन कुमार चौधरी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की छात्राओं का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनाने की दिशा में निरंतर कार्य जारी रहेगा।





