फ़िरोज़ खान
बारा। महिला थाना बारां पुलिस ने बालिका से छेड़छाड़ के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मात्र 100 घंटे में अनुसंधान पूरा कर न्यायालय में चालान पेश कर दिया।
पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अन्दासु ने बताया कि 30 मई 2026 को एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ महिला थाना बारां में उपस्थित होकर 29 मई को बारां शहर में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला थाना पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक आशा कुंवर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने गहन अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने पर न्यायालय के आदेशानुसार उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने मामले में तेजी से अनुसंधान पूरा करते हुए मात्र 100 घंटे में आरोपी के विरुद्ध न्यायालय में चालान प्रस्तुत कर दिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला एवं बालिकाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।