
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के प्रयास से सकारात्मक परिणाम
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या
जनशिकायतों के त्वरित निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संचालित आईजीआरएस (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) की नवीनतम रैंकिंग अगस्त माह में जनपद अयोध्या ने प्रदेश स्तर पर 7वां स्थान प्राप्त किया है। जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, निरंतर अनुश्रवण तथा जनसमस्याओं के समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपरक निस्तारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा एवं सतत अनुश्रवण किया जा रहा है तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों और टीम अयोध्या की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे इसी संवेदनशीलता, उत्तरदायित्व एवं कार्यकुशलता के साथ कार्य करते हुए जनशिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएं तथा भविष्य में जनपद को प्रदेश में शीर्ष स्थान दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयास करें।
