फ़िरोज़ खान
बारां। पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदास ने बुधवार को जिले के वृत्ताधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अपराध गोष्ठी लेकर कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की समीक्षा की। पुलिस कार्यालय के सभागार में आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां डॉ. कमल कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल राकेश शर्मा सहित जिले के सभी वृत्ताधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा, अवैध खनन, अवैध शराब बिक्री तथा अवैध हथियारों के विरुद्ध प्रभावी एवं सतत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तेज गति से वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरतने और यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।
उन्होंने स्थायी वारंटियों एवं उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान को गति देने, लंबित अनुसंधानाधीन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने तथा महिला संबंधी दर्ज मामलों के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए आमजन को जागरूक करने, थाना स्तर पर आने वाले आगंतुकों की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने तथा सीसीटीएनएस पर लंबित पेंडेंसी कम करने पर भी विशेष बल दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों पर संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
