चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा की प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह ने दिल्ली में मतदाता सूची के Special Intensive Revision (SIR) को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति के बजाय पारदर्शिता और तथ्यों पर बात होनी चाहिए।

योगिता सिंह ने कहा कि जब हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची से संबंधित दावा या आपत्ति दर्ज कराने का अवसर दिया गया है और इसकी समयसीमा 30 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है, तो जनता को गुमराह करने के बजाय उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सही मतदाता का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहे और अपात्र नाम सूची में शामिल न रहें, यही मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने दिल्ली के नागरिकों से अपील की कि वे जागरूक बनें, अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच करें और आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं।
योगिता सिंह ने कहा कि मतदाता सूची की प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करती है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार के भ्रम या राजनीतिक दावे के बजाय तथ्यों के आधार पर प्रक्रिया को समझने और अपने अधिकारों का प्रयोग करने का आह्वान किया।