चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर 6, फ्लैग स्टाफ रोड स्थित कथित ‘शीशमहल’ बंगले को लेकर बचाव की बयानबाजी करने का आरोप लगाया है।
कपूर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कथित रूप से अवैध रूप से निर्मित ‘शीशमहल’ बंगले का जिक्र होते ही पूरी आम आदमी पार्टी बौखलाने लगती है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना और आप नेता प्रियंका कक्कड़ ने बयान दिए हैं।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि आप नेता भली-भांति जानते हैं कि ‘शीशमहल’ बंगला सिविल लाइन्स बंगला क्षेत्र में दिल्ली मास्टर प्लान, दिल्ली नगर निगम, अर्बन आर्ट कमीशन के क्षेत्रीय निर्माण नियमों तथा दिल्ली लोक निर्माण विभाग के आर्थिक नियमों की कथित अनदेखी कर बनाया गया।
कपूर ने आप नेताओं से सीधा सवाल करते हुए कहा कि यदि ‘शीशमहल’ बंगला क्षेत्रीय निर्माण नियमों और सरकार के आर्थिक नियमों का उल्लंघन कर नहीं बनाया गया था, तो अरविंद केजरीवाल ने इसका कभी औपचारिक उद्घाटन क्यों नहीं किया और इसे मुख्यमंत्री आवास के रूप में आधिकारिक तौर पर घोषित क्यों नहीं किया?
उन्होंने कहा कि आप नेताओं को आरोपों पर बचाव की बयानबाजी करने के बजाय इस सवाल का स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

