चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
मनोज कुमार की लाइबेरिया वापसी का रास्ता खोलने की अपील, अदालत से आरोपमुक्त होने और पुलिस क्लीयरेंस के बावजूद प्रवेश में अड़चन
नई दिल्ली। भारतीय नागरिक मनोज कुमार की छह वर्षों से अधिक समय से जारी पारिवारिक जुदाई का मामला अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाया गया है। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विजय जौली ने लाइबेरिया के राष्ट्रपति महामहिम जोसेफ न्युमाह बोआकाई सीनियर से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर मनोज कुमार को न्याय दिलाने और उनकी लाइबेरिया वापसी सुनिश्चित करने की भावपूर्ण अपील की है।
डॉ. जौली ने रेडियो लाइबेरिया 107.1 एफएम और ओसीएम रेडियो लाइबेरिया 104.5 एफएम को दिए साक्षात्कारों में यह मामला प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि मनोज कुमार पिछले 6 वर्ष, 2 माह और 5 दिनों से सिएरा लियोन में रह रहे हैं और अपनी पत्नी भारती तथा नाबालिग बेटी तान्या से अलग हैं, जो अब भी लाइबेरिया में रह रही हैं।
डॉ. जौली के अनुसार, मनोज कुमार ने वर्ष 2000 से 2020 तक करीब 20 वर्षों तक लाइबेरिया में काम किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारिक गतिविधियों के साथ सामुदायिक कल्याण के कार्यों में भी योगदान दिया। 14 सितंबर 2020 को भारत रवाना होने के बाद उन्हें लाइबेरिया में कानूनी चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन पर जालसाजी और आपराधिक षड्यंत्र जैसे आरोप लगाए गए, जिनका उन्होंने विरोध किया।
अदालत से बरी, पुलिस से क्लीयरेंस; फिर भी वापसी अटकी
इस मामले में अक्टूबर 2023 में महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया, जब लाइबेरिया की प्रथम न्यायिक सर्किट की क्रिमिनल कोर्ट ‘सी’ ने मनोज कुमार को सभी आरोपों से बरी कर दिया। इसके बाद अदालत ने उनके पक्ष में संबंधित क्लीयरेंस दस्तावेज भी जारी किए। इतना ही नहीं, 31 अक्टूबर 2026 को लाइबेरिया नेशनल पुलिस ने भी उन्हें क्लीयरेंस प्रमाणपत्र प्रदान किया। इसके बावजूद उनकी लाइबेरिया वापसी का रास्ता अब तक साफ नहीं हो पाया है।
लाइबेरिया के उप-राजदूत को भी सौंपा ज्ञापन
डॉ. विजय जौली ने 12 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में लाइबेरिया के उप-राजदूत श्री अलियु मस्साक्वोई को ज्ञापन सौंपकर मनोज कुमार की स्वदेश वापसी का मार्ग सुगम बनाने का अनुरोध किया था। वहीं, लाइबेरिया के प्रतिष्ठित कानूनी विशेषज्ञ श्री लियावान साये घान लोए ने भी न्याय मंत्री और आव्रजन विभाग के निदेशक के समक्ष मनोज कुमार के अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
डॉ. जौली ने लाइबेरिया की न्यायपालिका में पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति बोआकाई के नेतृत्व में न्याय मिलने की उम्मीद जताई। उन्होंने भारत और लाइबेरिया के मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि मनोज कुमार को कानूनसम्मत तरीके से जल्द लाइबेरिया लौटने की अनुमति मिलनी चाहिए।
राष्ट्रपति से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील
डॉ. विजय जौली ने राष्ट्रपति से इस मानवीय मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप करने और मनोज कुमार की लाइबेरिया वापसी सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि इससे छह वर्षों से अधिक समय से पत्नी और नाबालिग बेटी से दूर रह रहे मनोज कुमार का अपने परिवार से पुनर्मिलन संभव हो सकेगा।
