जहाँ मौजूदगी का मूल्य,केवल काम आने तक होता है,
जहाँ आपके होने का सम्मान,उपयोगिता से तय होता है,
वहाँ रिश्तों की गहराई का दावा,महज़ दिखावा होता है,
भावनाओं से रिक्त रिश्ता,सिर्फ़ समझौता होता है।
जो तभी याद करें,जब उन्हें कोई काम निकलवाना हो,
जो मुस्कान चाहें, मगर दर्द कभी न समझना हो,
जहाँ आपकी संवेदनाओं के लिए,कोई जगह नहीं होती,
वहाँ अपनापन नहीं होता,बस स्वार्थ की बंदगी होती।
आपकी थकान से जिन्हें कोई सरोकार नहीं होता,
आपके मौन में छिपे दर्द का जिन्हें एहसास नहीं होता,
वे आपके साथ होकर भी,आपके अपने नहीं होते,
हर पास रहने वाले लोग, दिल के करीब नहीं होते।
रिश्ते वही हैं जहाँ भावनाओं का भी सम्मान होता है,
जहाँ बिना स्वार्थ के भी एक-दूजे का ध्यान होता है,
जहाँ जरूरत नहीं,इंसान की अहमियत समझी जाती है,
वहीं अपनत्व की खुशबू,उम्रभर महकती जाती है।
इसलिए वहाँ ठहरना नहीं,जहाँ कद्र काम से होती है,
जहाँ आपकी पहचान भी,आपकी जरूरत से होती है,
किशन जीना सीखिए,हर रिश्ते को निभाना जरूरी नहीं,
जहाँ दिल की कद्र न हो,वहाँ रहना भी मजबूरी नहीं।

