चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा की पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष और वर्ष 1997 में दिल्ली की पहली महिला महापौर बनीं शकुंतला आर्या का 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार लोधी रोड श्मशान घाट पर परिजनों की मौजूदगी में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
दिल्ली नगर निगम की ओर से महापौर प्रवेश वाही तथा दिल्ली भाजपा की ओर से प्रदेश महामंत्री योगिता सिंह ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधायक तरविंद्र सिंह मारवाह, नीरज बसोया, निगम पार्षद अर्जुन मारवाह तथा मयूर विहार जिला अध्यक्ष विजेन्द्र धामा सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शकुंतला आर्या ने महिला शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और वह महिला सशक्तिकरण की सशक्त प्रतीक थीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 1997 में महापौर रहते हुए उनके ‘स्वच्छ दिल्ली अभियान’ ने राजधानी में स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता पैदा की, जिसे आज भी याद किया जाता है।
भाजपा नेताओं ने शकुंतला आर्या के सार्वजनिक जीवन, सामाजिक योगदान और संगठन के प्रति उनकी सेवाओं को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
