मानव मूल्य चेहरों से नहीं,विचारों से पहचाना जाता है
उसका वास्तविक व्यक्तित्व संकल्पों से आँका जाता है।
दुनिया की धारणाएँ तो पल-पल अपना रंग बदलती हैं,
मगर कर्मों की गवाही सदियों तक इतिहास में चलती है।
कौन क्या सोचता है,इस चिंता में जीवन मत बिताना,
अपने भीतर के विश्वास को कभी कमजोर मत बनाना।
लोगों की कसौटी पर खुद को परखना छोड़ देना,
कर्मों से अपनी पहचान का नया इतिहास लिख देना।
संकल्प अगर अडिग हों तो तूफान भी झुक जाते हैं,
दृढ़ इच्छाशक्ति के आगे मुश्किल रास्ते भी खुल जाते हैं।
जो अपने कर्मों को ही अपनी ताकत बना लेते हैं,
वही विपरीत परिस्थितियों में भी मंजिल पा लेते हैं।
न प्रशंसा से ऊँचे बनो,न आलोचना से टूट जाना,
अपने सिद्धांतों की खातिर हर चुनौती से टकराना।
दुनिया की धारणाओं का कोई अंत नहीं होता,
कर्मवान इंसान का व्यक्तित्व कभी सीमित नहीं होता।
नियत में सच्चाई हो, संकल्पों में दृढ़ता का प्रकाश रहे,
हर कर्म में ईमानदारी और उद्देश्य का विश्वास रहे।
किशन दुनिया क्या कहती है,यह जीवन का पैमाना नहीं,
महान वही है,जिसकी पहचान कर्मों से हो,बातों से नहीं।

