महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
अयोध्या में चौदहकोसी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा स्नान-मेला को लेकर यातायात पुलिस ने बाहरी जनपदों से आने वाले भारी और मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान जारी किया है।
चौदहकोसी परिक्रमा के दौरान 17 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से 19 नवंबर को सुबह 6 बजे तक अथवा परिक्रमा समाप्ति तक डायवर्जन लागू रहेगा।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान और मेले के दौरान 23 नवंबर सुबह 8 बजे से 24 नवंबर को मेला और भीड़ समाप्त होने तक यातायात डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
रायबरेली से आने वाले वाहन हलियापुर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे होकर जाएंगे, जबकि सुल्तानपुर के वाहन कूरेभार से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का इस्तेमाल करेंगे।
आजमगढ़ और अंबेडकरनगर से आने वाले वाहन गोहन्ना मोड़ से दोस्तपुर होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर डायवर्ट होंगे।
बाराबंकी से आने वाले वाहन भिटरिया से रामसनेही घाट होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे जाएंगे। बस्ती और गोंडा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
गोरखपुर से आने वाले भारी वाहन लिंक एक्सप्रेस-वे के जरिए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डायवर्ट होंगे। गोरखपुर, संतकबीरनगर और बस्ती से आने वाले वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किया गया है।
गोरखपुर, बस्ती, उतरौला, बलरामपुर और गोंडा से आने वाले वाहनों को जरवल रोड तिराहा, बहराइच और टिकौरा मोड़ होते हुए सीतापुर मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
कानपुर और लखनऊ से आने वाले वाहनों के लिए मोहन, जुनाबगंज, मोहनलालगंज और गोसाईगंज होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का मार्ग निर्धारित किया गया है। सीतापुर और शाहजहांपुर से आने वाले वाहन बीकेटी से किसान पथ होते हुए जाएंगे।
यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए एडीजी जोन और एडीजी ट्रैफिक मुख्यालय की ओर से संबंधित जनपदों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की गई है कि निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें।