कभी यह मत सोचना कि संघर्षों का दौर थम जाएगा,
जीवन के हर मोड़ पर कोई नया इम्तिहान आएगा।
जब तक साँसों में रवानी है,चुनौतियाँ दस्तक देंगी,
कभी धूप,कभी आँधी बनकर रास्ता आजमाएँगी।
कभी राहों में पत्थर होंगे,कभी काँटों का बिछाव होगा,
कभी अपनों की खामोशी में भी दर्द का एहसास होगा।
मगर जो विपरीत हवाओं में भी दीप जलाना जानता है,
वही तूफानों के सीने पर अपनी मंजिल लिखता है।
संघर्ष कभी परिस्थितियों का,कभी विचारों का होगा,
कभी अपनों की उम्मीदों का,जिम्मेदारियों का होगा।
हर नया दौर अपने संग एक नया सबक लाएगा,
जो सीखता चला जाएगा, वही आगे बढ़ता जाएगा।
न हार को अपनी पहचान बना,न जीत का अभिमान कर,
हर कठिन परिस्थिति का धैर्य और विवेक से सम्मान कर।
क्योंकि ठोकरें ही अक्सर अनुभव का ज्ञान कराती हैं,
और तपती हुई राहें ही मंजिल की कीमत समझाती हैं।
इसलिए संघर्षों से घबराकर कभी कदम रोकना नहीं,
कठिन समय के आगे अपने हौसलों को झुकने देना नहीं।
किशन जब तक जीवन है,संघर्ष नए रूप में आते रहेंगे,
मगर बुलंद हौसलों वाले इतिहास बनाते रहेंगे।
