चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली प्रदेश द्वारा ‘समरसता संकल्प अभियान’ के तहत भव्य ‘पावन माटी कलश वंदन एवं वितरण कार्यक्रम’ का आयोजन 24 अगस्त को तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में किया जाएगा।
दिल्ली भाजपा के महामंत्री श्री मोहनलाल गिहारा ने एक प्रेस वक्तव्य में बताया कि इस गरिमामय एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की पावन जन्मस्थली बनारस से लाई गई पवित्र माटी से भरे कलशों का विधिवत वंदन किया जाएगा। इसके बाद इन कलशों को दिल्ली के सभी 14 जिलों में वितरण के लिए रवाना किया जाएगा।
कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री लाल सिंह आर्य, मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, सांसद श्री योगेन्द्र चंदोलिया तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री लाजपत राय कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर श्री अजय भाई जी द्वारा संत गुरु रविदास जी महाराज की महिमा में भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति भी दी जाएगी।
संत रविदास जी का जीवन और उनके विचार सदियों से समूचे मानव समाज के लिए मार्गदर्शक रहे हैं। उन्होंने समाज से भेदभाव, ऊंच-नीच और कटुता समाप्त कर प्रेम, करुणा, भाईचारे और समानता का मार्ग दिखाया।
भाजपा दिल्ली प्रदेश के अनुसार, ‘समरसता संकल्प अभियान’ का उद्देश्य संत रविदास जी के इन शाश्वत संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में सामाजिक समरसता की भावना को और मजबूत करना है।