
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
समाजवादी पार्टी की ओर से जिला कार्यालय लोहिया भवन, गुलाबबाड़ी में “समाजवादी शिक्षक रत्न सम्मान समारोह-2026” का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा निवर्तमान जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने की।
सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शिक्षक का सम्मान केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि ज्ञान, शिक्षा और आने वाली पीढ़ी का सम्मान है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने हमेशा शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली सपा सरकार में शिक्षा मित्रों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। वर्ष 2014 में 1.72 लाख शिक्षामित्रों को सहायक अध्यापक के रूप में समायोजित करने की प्रक्रिया शुरू की गई तथा पहले चरण में 58 हजार प्रशिक्षित शिक्षामित्रों की तैनाती का आदेश हुआ। बाद में न्यायालय के निर्णय के चलते समायोजन निरस्त हुआ, लेकिन समाजवादी पार्टी आज भी शिक्षकों और शिक्षामित्रों के सम्मान एवं अधिकारों की आवाज मजबूती से उठा रही है।
सांसद ने कहा कि सपा सरकार ने शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को लैपटॉप उपलब्ध कराने की पहल की। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और उन्हें बदलती तकनीकी दुनिया के लिए तैयार करना था। शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी कमलेश यादव ने कहा कि शिक्षक समाज हमेशा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है, लेकिन आज शिक्षकों के सामने अनेक समस्याएं हैं। शिक्षकों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन से नहीं, बल्कि उनके पक्ष में मजबूती से आवाज उठाने से होगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों, पुरानी पेंशन, शिक्षकों की सेवा संबंधी समस्याओं, शिक्षामित्रों एवं अन्य शिक्षाकर्मियों के अधिकारों को लेकर वह लगातार संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का सम्मान और अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। शिक्षकों की आवाज को सदन तक मजबूती से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सपा निवर्तमान जिलाध्यक्ष पारसनाथ यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षा, शिक्षक और युवाओं के हित में काम किया है। शिक्षक समाज को सम्मान देना समाजवादी विचारधारा की प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के सम्मान के बिना मजबूत और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनका सम्मानजनक समाधान कराया जाए। समाजवादी पार्टी शिक्षक, शिक्षामित्र और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है। सपा के निवर्तमान प्रवक्ता लवलेश पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम के आयोजक मंडल छोटेलाल यादव,बाबू राम गौड़ एवं डॉ. प्रशांत कुमार प्रजापति रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता में वर्तमान जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव और संचालन नि0 महासचिव बख्तियार खान ने किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अवधेश यादव, एडेड शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष राजेश सिंह, चौधरी लौटन राम निषाद,सरोज यादव, अपर्णा जायसवाल, बलराम मौर्या, गोविंद विश्वकर्मा, राकेश चौरसिया, शिवकुमार फौजी, मोहम्मद हलीम पप्पू, बृजेश सिंह चौहान, राम बक्श यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता व पदाधिकारी के अलावा बड़ी संख्या में शिक्षक भी मौजूद रहे
