महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। लक्ष्मण घाट वार्ड और छोटी देवकली के बीच मकसूदन स्कूल से लोटनी भवानी मंदिर स्कूल तक अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय मोहल्लेवासियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया जा रहा है। निर्माण कार्य को लेकर लोगों में काफी गुस्सा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान कहीं सड़क को अधिक ऊंचा तो कहीं नीचा बनाया जा रहा है। इससे बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो रही है। वहीं, सड़क पर सीवर चैंबर भी कहीं ऊंचे और कहीं नीचे रह गए हैं। कई जगह सीवर के ऊपर रखे पत्थर खुले पड़े होने से राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण शुरू हुए करीब एक माह का समय हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित निगरानी नहीं की जा रही है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच कराने और मानकों के अनुसार सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
इस मामले में पार्षद प्रतिनिधि महेंद्र शुक्ला ने कार्यदायी संस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण सही तरीके से नहीं किया जा रहा है। सड़क को कहीं ऊंचा और कहीं नीचा बनाया जा रहा है, जिसके कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है।
महेंद्र शुक्ला ने कहा कि सीवर पर रखे गए पत्थर भी कई जगह खुले पड़े हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों के साथ दुर्घटना होने का भय बना हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने और सड़क को मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
