जहाजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार रुपये के इनामी व टॉप-10 वांछित आरोपी मजदूर बनकर पहुंचे तस्करों के ठिकाने तक
जहाजपुर। थाना जहाजपुर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब एक वर्ष से फरार चल रहे डोडा-पोस्त तस्करी के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वे टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल थे।
पुलिस के अनुसार 20 फरवरी 2024 को थाना जहाजपुर क्षेत्र में लाजरी कांटा कार से अवैध डोडा-पोस्त की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि जमनालाल जाट और रामचन्द्र वैष्णव फरार चल रहे थे।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने कई बार उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन दोनों पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो जाते थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
पुलिस टीम को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करते तथा जिले की सीमा पर मजदूरी कर रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने मजदूर बनकर आरोपियों के ठिकाने की रेकी की। पहचान सुनिश्चित होने के बाद टीम के सदस्यों ने मजदूर बनकर आरोपियों के पास पहुंचकर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जमनालाल पुत्र हरिश्चन्द्र जाट, निवासी श्रीपुरा थाना भैंसरोड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ तथा रामचन्द्र पुत्र मोहनदास वैष्णव, निवासी श्रीपुरा थाना भैंसरोड़गढ़, जिला चित्तौड़गढ़ के रूप में हुई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी दयाराम चौधरी, कांस्टेबल फरीश्रम हेड कांस्टेबल 411 तथा कांस्टेबल योगेश कल्याण 948 की टीम शामिल रही।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

