
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी अयोध्या में पर्यटन व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं आधुनिक बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल साकार हुई। टूर गाइड वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ अयोध्या (TGAA) द्वारा आयोजित भव्य समारोह में संस्था की आधिकारिक वेबसाइट तथा नई ड्रेस (यूनिफॉर्म) का विधिवत शुभारंभ किया गया।
राजकीय अतिथि गृह (सर्किट हाउस), सिविल लाइंस में आयोजित कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूज्य महंत श्री संजयदास जी महाराज ने वेबसाइट एवं ड्रेस का लोकार्पण करते हुए कहा कि अयोध्या में बढ़ते पर्यटन के बीच प्रशिक्षित एवं प्रमाणित टूर गाइडों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर जानकारी एवं सुविधाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम के संरक्षक महापौर अयोध्या नगर निगम पूज्य महंत श्री गिरीशपति त्रिपाठी जी ने कहा कि अयोध्या विश्व स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रही है। ऐसे में टूर गाइडों को संगठित स्वरूप प्रदान करने वाली यह पहल पर्यटन विकास में नई ऊर्जा का संचार करेगी।
एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने बताया कि वेबसाइट के माध्यम से पर्यटकों को अयोध्या के प्रमुख धार्मिक स्थलों, दर्शनीय स्थानों तथा प्रमाणित टूर गाइड सेवाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही नई ड्रेस से गाइडों की एक अलग और विश्वसनीय पहचान बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने TGAA की इस पहल की सराहना करते हुए इसे अयोध्या के पर्यटन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया। समारोह का समापन सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।