चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली: दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल के खुद को “दिमागी नक्सल” बताते हुए देशभक्त और व्यवस्था परिवर्तन का दावा करने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
मल्होत्रा ने कहा कि केजरीवाल का यह दावा हास्यास्पद है। उनके अनुसार, दिल्ली में भाजपा सरकार होने पर केजरीवाल छात्र आंदोलनों के समर्थक बनकर सामने आते हैं, जबकि पंजाब और झारखंड में छात्र आंदोलनों पर कार्रवाई के मामलों में उनकी कथित चुप्पी उनके “राजनीतिक नक्सली रवैये” को उजागर करती है।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने केजरीवाल के “सड़ी-गली व्यवस्था बदलने” और भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के दावे को भी पूरी तरह झूठा बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब की जनता गवाह है कि केजरीवाल और उनकी सरकारों ने दोनों राज्यों में व्यवस्था परिवर्तन और भ्रष्टाचार रोकने के लिए क्या किया।
मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की राजनीतिक सोच पहले भी नक्सल थी और आज भी नक्सल है तथा भ्रष्टाचार उनके “कण-कण में समाया है।”
उन्होंने कहा कि देश यह भी नहीं भूला है कि सत्ता संभालने के पहले वर्ष में केजरीवाल ने तत्कालीन राजपथ पर गणतंत्र दिवस की व्यवस्थाओं को बाधित किया था और कुछ वर्षों बाद उपराज्यपाल निवास में धरना देकर अपनी कथित अराजक राजनीतिक सोच का परिचय दिया था।
