चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
योगिता सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़ीं महिला कार्यकर्ता; पुलिस ने रोका तो धरने पर बैठीं, महिला सम्मान के मुद्दे पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा ने गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन के निकट रोष प्रदर्शन किया। दिल्ली भाजपा की महामंत्री योगिता सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में महिला मोर्चा की प्रभारी आरती मेहरा, अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष सारिका जैन और विधायक शिखा रॉय सहित पार्टी की अनेक महिला पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं निगम पार्षद शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी से महिला पुलिसकर्मियों के प्रति कथित दुर्व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आंध्रा भवन रेड लाइट के पास एकत्र हुईं। यहां से नारेबाजी करते हुए उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च शुरू किया। प्रदर्शनकारी निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ते हुए बाल भवन मार्ग के रास्ते कांग्रेस मुख्यालय की ओर जाने लगीं। हिन्दी भवन के पास पुलिस ने भारी संख्या में जवानों की मानव श्रृंखला बनाकर उन्हें रोक दिया। पुलिस द्वारा बलपूर्वक रोके जाने के बाद महिला कार्यकर्ता वहीं धरने पर बैठ गईं। कुछ देर बाद पुलिस ने चेतावनी देकर प्रदर्शनकारियों को जाने दिया।
भाजपा महिला मोर्चा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा मंगलवार और बुधवार को महिला पुलिसकर्मियों के साथ किया गया व्यवहार महिलाओं के सम्मान और वर्दी की गरिमा के विरुद्ध है। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति का अधिकार सभी को है, लेकिन कानून की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।
महिला सम्मान से समझौता नहीं करेगी भाजपा : योगिता सिंह
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए दिल्ली भाजपा की महामंत्री योगिता सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति अपनी जगह है, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों पर हाथ उठाना और उनका अपमान करना अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि वर्दी का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। योगिता सिंह ने चेतावनी दी कि यदि महिलाओं के प्रति इस तरह का व्यवहार बंद नहीं हुआ तो भाजपा महिला मोर्चा और बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा।
महिला मोर्चा की प्रभारी आरती मेहरा ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से माफी की मांग करते हुए कहा कि जो व्यक्ति महिलाओं की सुरक्षा करने वाली वर्दी का सम्मान नहीं कर सकता, वह देश की महिलाओं का सम्मान कैसे करेगा? उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए। आरती मेहरा ने चेतावनी दी कि राहुल गांधी ने तत्काल माफी नहीं मांगी तो दिल्ली की महिलाएं सड़कों पर उतरकर इसका जवाब देंगी।
राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से माफी मांगें : अर्चना गुप्ता
दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित दुर्व्यवहार को शर्मनाक बताते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं का अपमान किया है। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी तत्काल सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। अर्चना गुप्ता ने कहा कि नारी शक्ति का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष सारिका जैन ने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों के साथ राहुल गांधी का कथित दुर्व्यवहार कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि वर्दी का अपमान देश का अपमान है। सारिका जैन ने महिला पुलिसकर्मियों के सम्मान और नारी शक्ति के स्वाभिमान की रक्षा के लिए भाजपा महिला मोर्चा की प्रतिबद्धता दोहराई तथा राहुल गांधी से तत्काल माफी की मांग की।
विधायक शिखा रॉय ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग कानून के रक्षकों का सम्मान नहीं कर सकते, वे महिलाओं का सम्मान कैसे करेंगे? उन्होंने कांग्रेस से देश की महिलाओं से माफी मांगने की मांग की और कहा कि भाजपा महिला मोर्चा नारी सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।
महिला मोर्चा की अनेक पदाधिकारी और निगम पार्षद रहीं मौजूद
प्रदर्शन में महिला मोर्चा की महामंत्री हिमांशी पांडेय, मीरा पहाड़िया और सुमन लता सहित निगम पार्षद रेनू अग्रवाल, शशि चंदना, मीनू गोयल, रेणु चौधरी, ममता यादव और शिमला देवी शामिल हुईं।
इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारी अनिला शर्मा, रेखा सिंह, ममता वशिष्ठ, शोभा शुक्ला, रेनू सिंह और वंदना वशिष्ठ ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, जिलाध्यक्ष विजेन्द्र धामा और रविन्द्र चौधरी तथा कार्यालय मंत्री कैलाश जैन और अमित गुप्ता सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं ने एक स्वर में राहुल गांधी से सार्वजनिक माफी की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की गरिमा, वर्दी के सम्मान और महिलाओं के स्वाभिमान की रक्षा के लिए पार्टी आगे भी आवाज उठाती रहेगी।


