महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
अयोध्या में प्रसव के बाद महिला की मौत, निजी अस्पताल के संचालक पर मुकदमा।
तारुन थाना क्षेत्र में प्रसव के बाद 26 वर्षीय अनुराधा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
अनुराधा, गुरौली ग्राम पंचायत निवासी विश्वास यादव की पत्नी थीं।
परिजनों के मुताबिक, 21 सितंबर को अनुराधा को तारुन बाजार स्थित पब्लिक हॉस्पिटल में प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था।
नर्सिंग होम में ऑपरेशन से प्रसव कराया गया, जिसके बाद अनुराधा की हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ने प्लेटलेट्स और खून की कमी की जानकारी देते हुए व्यवस्था करने के लिए मेडिकल कॉलेज दर्शननगर जाने को कहा।
आरोप है कि इसके बाद अनुराधा को नर्सिंग होम से डिस्चार्ज कर दिया गया और परिजन उन्हें दर्शननगर मेडिकल कॉलेज ले गए।
हालत में सुधार नहीं होने पर अनुराधा को लखनऊ के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सोमवार को परिजन शव को मैजिक वाहन में रखकर तारुन स्थित पब्लिक हॉस्पिटल पहुंचे और अस्पताल के बाहर खड़े हो गए।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।
परिजनों की शिकायत पर पब्लिक हॉस्पिटल के संचालक अनूप कुमार सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।


