चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
मोहनलाल गिहारा बोले—महिलाओं पर हमले बंद करे कांग्रेस, सांसद अकोईजाम को तत्काल बर्खास्त किया जाए

नई दिल्ली। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कथित धक्का-मुक्की, अभद्रता और गाली-गलौज के विरोध में दिल्ली भाजपा ने मंगलवार को कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। दिल्ली भाजपा महामंत्री मोहनलाल गिहारा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शनकारी बाल भवन गेट पर एकत्र हुए और दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च किया। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए—“महिलाओं पर हमले बंद करो, राहुल गांधी माफी मांगो।”
भाजपा के अनुसार, सोमवार को महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जेएनयू के प्रोफेसर और मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ छात्राओं के कथित उत्पीड़न के मामले को लेकर आंध्र स्कूल, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग से कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च किया था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को मुख्यालय से करीब 100 मीटर पहले रोक दिया था, लेकिन लगभग 8-10 महिला कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के गेट तक पहुंच गईं। भाजपा ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गलत तरीके से छुआ।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मोहनलाल गिहारा ने आरोप लगाया कि छात्राओं के उत्पीड़न के मामले में आवाज उठाने पहुंची भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने राहुल गांधी पर भी महिला पुलिसकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी और एक गर्भवती महिला पत्रकार को धक्का देने के आरोप लगाए।
गिहारा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस को ऐसे मामलों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और कांग्रेस सांसद अकोईजाम को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि महिलाओं को न्याय मिलने तक भाजपा का संघर्ष सड़क से सदन तक जारी रहेगा।
प्रदर्शन में संतोष ओझा, लाजपत राय, निलेश दत्त त्रिवेदी, विपिन बिहारी सिंह, संजय तिवारी, सौरभ खारवाल, मुकुल डागर, राजकुमार चौटाला, करतार सिंह, लीला सिंह, दिनेश बघेल, मोनू चौधरी और विकास चौधरी सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
भाजपा ने कांग्रेस मुख्यालय के बाहर हुई कथित घटनाओं को महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताते हुए पार्टी नेतृत्व से कार्रवाई की मांग की।

