चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। आगामी दुर्गा उत्सव की तैयारियों के मद्देनजर दिल्ली भाजपा द्वारा दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित काली मंदिर परिसर के आसपास चलाए गए स्वच्छता अभियान के दौरान एक कबाड़ी की झुग्गी से डिब्बे में मानव कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। मामले की सूचना तत्काल दिल्ली पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष एवं स्वच्छता अभियान संयोजक राजेश भाटिया, सह कार्यालय मंत्री अमित गुप्ता और पूर्व महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं निगम कर्मचारियों ने काली मंदिर, मिंटो ब्रिज लालबत्ती के समीप व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान मंदिर के आसपास बड़े पैमाने पर अतिक्रमण और गंदगी मिलने पर कार्यकर्ताओं ने श्रमदान किया।
अभियान के दौरान करीब 15 ट्रक कूड़ा-मलबा हटाया गया तथा लगभग 50 अवैध पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को हटवाया गया। इसी दौरान स्वयं को बदायूं का निवासी बताने वाले कबाड़ी मोहम्मद शकील की झुग्गी से एक डिब्बे में मानव कंकाल बरामद हुआ।
राजेश भाटिया के अनुसार, शकील ने कथित तौर पर अपने बचाव में कहा कि उसने यह कंकाल एक स्थानीय स्कूल से कबाड़ के सामान के साथ खरीदा था। हालांकि, प्रेस नोट के अनुसार स्कूल प्रशासन ने कहा कि वह पिछले 10-12 वर्षों से ऐसे कंकाल नहीं रखता। भाटिया ने सवाल उठाया कि यदि यह सामान्य कबाड़ नहीं है तो शकील ने इसे क्यों और किस उद्देश्य से खरीदा।
भाटिया ने कहा कि मंदिर के इतने करीब और दुर्गा पूजा से कुछ दिन पहले कंकाल मिलने के कारण मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। उन्होंने दिल्ली पुलिस से कबाड़ी को गिरफ्तार कर पूरे मामले की जांच करने की मांग की।
वहीं, दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, राऊज एवेन्यू और माता सुंदरी रोड क्षेत्र में न्यायालय, स्कूल-कॉलेज, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालय, अस्पताल और बड़ी संख्या में एनजीओ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद क्षेत्र अतिक्रमण और अवैध कब्जों की समस्या से प्रभावित है।
कपूर ने दिल्ली नगर निगम आयुक्त और पुलिस आयुक्त से सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील इन क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर कबाड़ियों और मैकेनिकों के अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग की।



