अरबिंद आश्रम अयोध्या में ग्रीन टेंपल का विकास

महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। शहर स्थित अरबिंद आश्रम में विकसित ग्रीन टेंपल का उद्घाटन महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आयोजित कार्यक्रम में महापौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक चेतना का समन्वय आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। ग्रीन टेंपल जैसी पहल न केवल प्रकृति के प्रति लोगों में संवेदनशीलता को बढ़ाती है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और संतुलित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा भी देती है।
महापौर ने कहा कि वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की जरूरत है। उन्होंने अरबिंद आश्रम परिवार की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव का आधार बनते हैं।
आश्रम के व्यवस्थापक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रीन टेंपल की स्थापना का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जैव विविधता के संवर्धन तथा प्राकृतिक जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि आश्रम भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनजागरण कार्यक्रम संचालित करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर अरविंद दर्शन के मर्मज्ञ राहुल सिंह चौहान, आश्रम से जुड़े श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।