जो बाँट सके मुस्कान,वही दिलदार होता है,
जो थाम ले हाथ,वही सच्चा यार होता है,
शब्दों से जो टूटे मन में हौसला भर देता है,
वही इंसान इस दुनियाँ में सबसे शानदार होता है।
समर्थन का एक शब्द भी,मरहम बन जाता है,
अँधियारे मन में उम्मीदों का दीप जलाता है,
जिस घड़ी सभी रास्ते बंद नज़र आते हैं,
किसी का साथ ही इंसान को फ़िर से उठाता है।
मुसीबत में बढ़ा हाथ,रिश्तों की पहचान है,
बिन माँगे जो साथ खड़ा हो,वही सच्चा इंसान है,
दौलत से नहीं,दिल से जो किसी को समृद्ध करे,
उसके छोटे-से उपकार में भी बहुत बड़ा सम्मान है।
देने वाला कभी अपने उपकार नहीं गिनता है,
वह दूसरों के चेहरे पर अपनी ख़ुशी चुनता है,
जो दर्द बाँटकर किसी का बोझ हल्का कर दे,
वह अपने कर्मों से जीवन को सार्थक बुनता है।
इसलिए लेने से बेहतर,कुछ देना सीखिए,
टूटे हुए दिलों को प्रेम से सीना सीखिए,
किशन समर्थन का शब्द हो या मदद का हाथ
देने वाला हमेशा सर्वश्रेष्ठ है,बस इतना याद रखिए।

