चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली

नई दिल्ली: दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष श्रीमती लता गुप्ता ने हाल ही में सामने आए एक वीडियो पर गंभीर चिंता जताई है, जिसमें एक जनप्रतिनिधि सरकारी योजना से जुड़े कार्य के दौरान अत्यंत अनौपचारिक एवं अनुचित वेशभूषा में दिखाई दे रहे हैं।
DCW अध्यक्ष श्रीमती लता गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधि केवल अपने क्षेत्र का प्रतिनिधित्व नहीं करते, बल्कि समाज के लिए आचरण और मर्यादा का उदाहरण भी प्रस्तुत करते हैं। खासकर जब महिलाएं किसी सरकारी योजना, सहायता या शिकायत के सिलसिले में जनप्रतिनिधियों से मिलने आती हैं, तो उन्हें सम्मानजनक, सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की नैतिक एवं संवैधानिक जिम्मेदारी है।
दिल्ली महिला आयोग ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता द्वारा विधानसभा में व्यक्त की गई चिंता का समर्थन किया। आयोग ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, गरिमा और संवेदनशीलता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं हो सकती।
DCW के अनुसार, सार्वजनिक पदों पर आसीन व्यक्तियों से अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण, भाषा और वेशभूषा के माध्यम से समाज के सामने सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें।
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में शिष्टाचार, संवेदनशीलता और संस्थागत गरिमा बनाए रखने से जुड़ा है। महिलाओं को सरकारी कार्यालयों और जनप्रतिनिधियों के कार्यालयों में सम्मानजनक वातावरण मिलना उनका अधिकार है।
दिल्ली महिला आयोग ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सार्वजनिक पदाधिकारियों से महिलाओं से जुड़े मामलों में सर्वोच्च संवेदनशीलता बरतने का आग्रह किया।
