फ़िरोज़ ख़ान
बारां। जिले में अवैध कृषि खाद एवं नकली खाद के परिवहन और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “धरती पुत्र रक्षक” के तहत छबड़ा थाना पुलिस एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 70 कट्टे संदिग्ध डीएपी खाद से भरी एक पिकअप को जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक अभिजीत अंसु ने बताया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल कुमार के सुपरविजन एवं वृत्ताधिकारी ताराचंद के नेतृत्व में छबड़ा थाना पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान छबड़ा थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें 70 कट्टे डीएपी खाद पाए गए। जांच में सामने आया कि खाद को बिना वैध दस्तावेजों के अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। पिकअप में सवार दिनेश धाकड़ निवासी तकोड़िया रामनगर, जिला गुना (मध्यप्रदेश) तथा दीपक किराड़ निवासी कुशापुर, तहसील बमौरी, जिला गुना (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार खाद को खानपुर (झालावाड़) से फतेहगढ़ (मध्यप्रदेश) ले जाया जा रहा था। यह मामला उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं ईसी एक्ट की धारा 3/7 के उल्लंघन की श्रेणी में पाया गया। इस संबंध में छबड़ा थाने में प्रकरण संख्या 275/2026 दर्ज कर गहन अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसानों के हितों को प्रभावित करने वाले संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आमजन एवं किसानों से अपील की गई है कि ऐसी अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देकर सहयोग करें।
