चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
नई दिल्ली। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह को शिकायत पत्र सौंपा। सांसद श्रीमती कमलजीत सहरावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने वीडियो में चिह्नित कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
शिकायत सौंपने के दौरान कथित घटना से प्रभावित कार्यकर्ता रचना वशिष्ठ, रश्मि वाजपेयी, रोशनी श्रेष्ठा, निवेदिता तिवारी और अनायता भाटी मौजूद रहीं। उनके साथ अधिवक्ता संकेत गुप्ता, प्रदेश मंत्री गौरव खारी, प्रवक्ता यासिर जिलानी और महिला मोर्चा महामंत्री सुमन लता डागर भी पुलिस उपायुक्त से मिले। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को कथित अभद्रता का विवरण देते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के बाद पत्रकारों से बातचीत में सांसद कमलजीत सहरावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के व्यवहार की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आचरण कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने वाले संस्कारों को दर्शाता है। उन्होंने राहुल गांधी पर एक गर्भवती पत्रकार को धक्का देने और इससे पहले महिला पुलिसकर्मियों के साथ अशोभनीय व्यवहार करने का भी आरोप लगाया।
अधिवक्ता संकेत गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विशेषकर मीडिया कोऑर्डिनेटर संजीव सिंह पर महिलाओं के साथ अभद्रता करने का आरोप है और यह दंडनीय अपराध है। उन्होंने बताया कि शिकायत पत्र में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 74, 75, 79, 115(2), 131 और 296 के तहत मामला दर्ज कर जांच करने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।
