चंदन सिंह | पेज 3 न्यूज़ वर्ल्डवाइड | नई दिल्ली
उर्मिला शर्मा व उषा कुमारी सम्मानित, रितु भाटिया को भी मिली बधाई
नई दिल्ली: भारत विकास परिषद, दिल्ली पूर्व प्रांत महिला सहभागिता की ओर से आई पेक्स भवन में आयोजित कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। कार्यक्रम में विवेक विहार शाखा की महिलाओं और बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर अर्वाचीन भारती भवन विद्यालय की डायरेक्टर उर्मिला शर्मा तथा सेवानिवृत्त एडिशनल डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन उषा कुमारी को सम्मानित किया गया। दोनों सम्मानित अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम आयोजकों ने उर्मिला शर्मा एवं उषा कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई तथा अपना स्नेह और मार्गदर्शन प्रदान किया। उनका सान्निध्य सभी के लिए प्रेरणादायी और नई ऊर्जा प्रदान करने वाला है।
इस अवसर पर रितु भाटिया को भी सम्मान के लिए हार्दिक बधाई दी गई। साथ ही, भारत विकास परिषद विवेक विहार शाखा के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने अपनी उपस्थिति, सहयोग और सहभागिता से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि सभी सदस्यों का समर्पण और सहभागिता ही शाखा की वास्तविक शक्ति है।


