
महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या
अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने प्रेस वार्ता कर राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में राम मंदिर ट्रस्ट को कटघरे में खड़ा किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गठित एसआईटी पर उन्हें भरोसा नहीं है।
सांसद ने मांग की कि मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के निर्देशन में गठित स्वतंत्र कमेटी से कराई जाए।
उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पहले राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर दिया जाए और सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों को हटाया जाए।
अवधेश प्रसाद के अनुसार, ट्रस्ट के पदाधिकारियों के पद पर बने रहने से जांच प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने इस पूरे मामले के खुलासे का श्रेय सपा प्रमुख अखिलेश यादव को दिया।
सांसद ने कहा कि अखिलेश यादव ने ट्वीट कर इस प्रकरण को सार्वजनिक किया और जांच की मांग उठाई।
उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर कोई भी दोषी बच नहीं पाएगा और सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह केवल ट्रस्ट या प्रदेश का मामला नहीं, बल्कि भगवान राम और पूरे राष्ट्र की आस्था से जुड़ा विषय है।
उन्होंने दावा किया कि चढ़ावे की रकम गोबर और घूर गड्ढों में छिपाए जाने जैसी सूचनाएं सामने आ रही हैं तथा दोहराया कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच होने पर ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।