महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 5 अक्टूबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों नेता रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान संस्कृत विद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया जाएगा।
रक्षा मंत्री उदासीन आश्रम के पूर्वाचार्य की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। वीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर प्रस्तावित रूट चार्ट और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। ट्रैफिक पुलिस ने रक्षा मंत्री के काफिले के आवागमन को लेकर रूट और ड्यूटी प्वाइंट निर्धारित किए हैं।
एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल ने बताया कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। रक्षा मंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान केवल कुछ मिनट के लिए यातायात रोका जाएगा। काफिला गुजरते ही यातायात को तत्काल सामान्य कर दिया जाएगा।
