महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाए जाने पर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि से प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। साथ ही वे छोटे बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास के लिए और बेहतर ढंग से कार्य कर सकेंगी।
महापौर ने बताया कि अयोध्या नगर निगम क्षेत्र में बाल विकास परियोजना को मजबूत करने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। इसी क्रम में करीब 7.50 करोड़ रुपये की लागत से 70 आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के निर्माण से अयोध्या में बाल विकास विभाग की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर होंगी। बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के साथ आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को भी बेहतर कार्यस्थल मिल सकेगा।

