महेंद्र त्रिपाठी
अयोध्या।
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री की पत्नी बीना खत्री के निधन पर शोक जताने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय आज अयोध्या पहुंचे।
अजय राय ने निर्मल खत्री के आवास पर आयोजित शांति पाठ कार्यक्रम में शामिल होकर बीना खत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरा परिवार इस दुख की घड़ी में निर्मल खत्री और उनके परिवार के साथ खड़ा है।
अजय राय ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी फोन कर निर्मल खत्री से बात की और संवेदना व्यक्त की है।
कन्दैला में हुए डबल मर्डर को लेकर अजय राय ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा और कहा कि पूरे प्रदेश में हत्या और अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने कन्दैला समेत जौनपुर, बदायूं और लखनऊ की घटनाओं का जिक्र करते हुए तत्काल गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग की।
राम मंदिर के सीओ चयन को लेकर लगे आरोपों पर अजय राय ने राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पुराने चढ़ावे के विवाद का मुद्दा उठाया और कई पदाधिकारियों पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाया।
अजय राय ने आरोप लगाया कि चढ़ावे के मामले में केवल ड्राइवर, पैसा गिनने वाले और कर्मचारियों पर कार्रवाई हुई, जबकि बड़े लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अयोध्या में ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ करने की बात कही थी, लेकिन उनके अनुसार कार्रवाई नहीं हुई।
2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर अजय राय ने कहा कि वह लंबे समय से प्रदेश में दौरा कर रहे हैं और कांग्रेस लगातार लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी है। साथ ही उन्होंने गोरखपुर की घटना को लेकर सरकार पर ‘श्मशान घोटाले’ का आरोप भी लगाया।
