
महेंद्र त्रिपाठी
गोसाईगंज अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र के तारुन ब्लॉक सभागार में आंगनवाड़ी बहनों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गोसाईंगंज इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी ने बतौर प्रमुख अतिथि सहभागिता करते हुए आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित किया।
खब्बू तिवारी ने आंगनवाड़ी बहनों के हितों को लेकर विस्तार से संवाद किया। उन्होंने बढ़े हुए मानदेय, कैशलेस इलाज की सुविधा तथा उनके कार्यक्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया। खब्बू तिवारी ने महिलाओं एवं बच्चों के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख फयाराम वर्मा, जिला उपाध्यक्ष राम मोहन भारती, मंडल प्रभारी विजय बहादुर तिवारी, मंडल प्रभारी तारुन महेंद्र मिश्रा, सीडीपीओ संगीता वर्मा, बीडीओ आनंद मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
खब्बू तिवारी ने कहा कि आंगनवाड़ी बहनों के समर्पण और सेवाभाव को सम्मान देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़े कार्यों में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।